भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टी20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। एमएस धोनी टी20 क्रिकेट में 7000 रन बनाने वाले भारत के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं, जबकि टी20 क्रिकेट में इस मुकाम पर पहुंचने वाले एमएस धोनी भारत के छठवें बल्लेबाज बन चुके हैं। एमएस धोनी ने इस उपलब्धि को इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2022 के सातवें मैच के दौरान लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ हासिल किया है।

दाएं हाथ के बल्लेबाज एमएस धोनी ने जैसे ही लखनऊ की टीम के खिलाफ आईपीएल 2022 के मैच में उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका जड़ा, वैसे ही वे टी20 क्रिकेट में 7 हजारी बन गए हैं। उनसे पहले भारत के लिए पांच और बल्लेबाजों ने इस उपलब्धि को अपने नाम किया है, लेकिन एमएस धोनी पहले ऐसे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में 7 हजार रन बनाने का कमाल किया है। वे ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज भी हैं।

एमएस धोनी ने लखनऊ के खिलाफ 6 गेंदों में 16 रन बनाए और वे इसी के साथ 7001 रन के आंकड़े पर पहुंच गए। एमएस धोनी ने अपनी इस पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। धोनी ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा था। इससे पहले एमएस धोनी ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ दमदार अर्धशतक जड़ा था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि एमएस धोनी कितनी अच्छी लय में हैं। हालांकि, वे चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ चुके हैं।